प्रयागराज। कृषि कानून को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। केंद्र सरकार के लाये इस कृषि कानून के खिलाफ देश के कोने कोने में विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस लगातार किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर हमलावर है।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से देश के कोने कोने में कृषि कानून का विरोध हो रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए गुरुवार को मशाल जुलूस निकाला।
प्रयागराज में पुराने शहर के रोशनबाग इलाके में स्थानीय लोगों ने कांग्रेसी नेता हसीब अहमद की अगुवाई में मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और नये कृषि कानून को निलंबित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। यूपी कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य मुकुन्द तिवारी का कहना था किसानों की मांग देशहित में है इस लिये सरकार अविलम्ब काले कानून को वापस लेने का कार्य करे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
कृषि कानून के खिलाफ मशाल जुलूस में मुकुन्द तिवारी, हसीब अहमद, रिंकू तिवारी, मो०हसीन, विजय श्रीवास्तव, मो०कादिर, दीपचंद्र शर्मा, विक्की, ताज अहमद, महताब खां सहित अन्य शामिल हुए।