प्रयागराज। टोंस नदी पर जल्द ही 2 लेन पुल बनाने का कार्य अपनी रफ्तार पकड़ेगा। नाबार्ड योजना के अन्तर्गत जनपद में नारीबारी से कोरांव को जोड़ने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त एक्वाडक्ट के बगल में टोंस नदी पर बनने जा रहे 2 लेन पुल का शिलान्यास एवं भूमिपूजन रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया।
उन्होंने बारा व कोरांव तहसील के दोनों तरफ निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। खास बात ये है कि 6256.24 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले पुल की लम्बाई 718.88 मीटर होगी। परियोजना के पूर्ण होने का समय 24 महीने निर्धारित किया गया है। पुल के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमेटेड द्वारा किया जायेगा।
पुल के भूमिपूजन के अवसर पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस पुल के बन जाने से बारा और कोरांव के लोगों को यातायात में सुगमता होगी। जाम से राहत मिलने से समय की बचत होगी।
उन्होंने कहा भारी वाहनों को पुराने हो चुके पुल पर आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। भारी वाहनों को लम्बा चक्कर लगाकर अपने गन्तव्य तक जाना होता है। इस सेतु के बन जाने से इस समस्या से भी निजात मिलेगी। भारी वाहन कम समय में फर्राटा भरते हुए अपने गन्तव्य स्थान तक पहुंच सकेंगे।
इससे इस क्षेत्र विकास कार्य तेज गति से होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की यह पुरानी मांग चली आ रही थी। लोगों की उस मांग पर हमारी सरकार ने पूरा किया। उन्होंने वहां पर उपस्थित सेतु निगम के अधिकारियों से कहा कि पुल के निर्माण कार्य को तय समय से पहले ही पूरा कर लिया जाये।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास के लिए दृढ़संकल्पित है। प्रयागराज में विकास को गति प्रदान करने के लिए व जाम की समस्या से निजात के लिए पिछले कुछ वर्षो में कई पुलों व आरओबी का निर्माण कार्य कराया गया है।
इसके अलावा कई पुलों और आरओबी का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज को चारों ओर से रिंग रोड़ से जोड़ा जा रहा है। उप मुख्यमत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रयागराज के साथ-साथ प्रदेश सभी जनपदों में विकास की गंगा बहा रही है।
इसी तरह के आरओबी और पुलों का निर्माण कार्य लगभग हर जनपदों में चल रहा है। उन्होंने जसरा में लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जसरा रेलवे फाटक पर आरओबी के निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। पुल निर्माण के भूमि पूजन के अवसर पर सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, विधायक कोरांव राजमणि कौल, विधायक बारा अजय भारतीय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।