अल्लाह को राजी करने के लिए मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-उल-अजहा के अवसर पर आज कुर्बानी दी जा रही है। कोविड 19 के कारण इस बार बकरीद की रौनक फीकी पड़ गयी है।
कोरोना के कारण मस्जिदों में सामुहिक नमाज पर रोक लगा दी गयी है। मस्जिद में केवल 5 लोगों के प्रवेश और नमाज की अनुमति है।
इसके कारण लोगों ने अपने अपने घरों में ही नमाज अदा की। इस बार बकरीद पर मस्जिदों के साथ साथ बाजार और घरों में भी कोरोना का डर व्याप्त है। बकरीद पर स्लाटर हाउस पर भी रोक लगा दी गयी है।
कोरोना के खौफ के चलते इस बार बाजार में बकरे भी काफी कम बिकने को आये। बकरा मंडी में सन्नाटा पसरा हुआ है। करैली, हटिया बाजार, नखास कोहना, घंटाघर के पास गिनती के व्यापारी ही बकरा बेचने पहुंचे।
शनिवार को लॉकडाउन के कारण मार्केट भी पूरी तरह बंद है। इसके कारण भी काफी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि लोगों ने लॉकडाउन को ध्यान में रख शुक्रवार को ही सामानों की खरीदारी कर ली थी।
बकरीद को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद रखी गयी है। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, पीएसी और आरएएफ की फोर्स द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रह है।