उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को प्रयागराज सर्किट हाउस के सभागार में कोविड-19 की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने एवं अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए की गयी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी के द्वारा अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए की गयी व्यवस्थाओं एवं कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।
जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में जांच के लिए कुल 12 सेंटर बनाये गये हैं। इसके साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जांच की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल टीम के द्वारा बड़े-बड़े गांवों एवं कस्बों में जांच की कार्यवाही की जाये, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों का परीक्षण हो सके। कोरोना के लक्षण वालें मरीजों को चिन्हित कर उनकी जांच करते हुए पाॅजीटिव पाये जाने वाले मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराएं।
इससे संक्रमण को अधिक से अधिक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना से ठीक हुए लोगों को कोरोना वायरस के बारे में बताये कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। समय से जांच कराने पर आसानी से व्यक्ति ठीक हो जाता है। लोगों को इस बात के लिए जागरूक किया जाये कि यदि उनके अंदर किसी प्रकार के लक्षण हो तो वो स्वंय अस्पताल आकर अपना परीक्षण करायें।
उप मुख्यमंत्री ने कोविड अस्पतालों में वेंटिलेंटर, बेड तथा मरीजों के खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाये। इसकी मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने जनपद में 100 अतिरिक्त वेंटिलेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित किये जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि कोविड अस्पताल में प्रति मरीज कितना व्यय किया जाता है, इसकी भी जानकारी लोगो को रहे।
उन्होंने एल-1 एल-2 एवं एल-3 अस्पतालों में बेडों की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि कोविड अस्पतालों में विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रहें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड अस्पताल के रूप में चिन्हित प्राइवेट अस्पताल में प्रति मरीज कितना चार्ज निर्धारित है, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। ताकि प्राइवेट अस्पताल लोगों से मनमानी ढंग से चार्ज न कर सके। उप मुख्यमंत्री ने होम आइसोलेशन की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि होम आइसोलेशन के लिए निर्धारित मानको का कड़ाई से अनुपालन किया जाये। इसके अलावा हाॅट स्पाट के लिए निर्धारित मानक के अनुसार ही स्थानों को प्रतिबंधित किया जाये न कि अधिक।
उप मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम की क्रियाशीलता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में लोगों के द्वारा जो भी शिकायतें दर्ज करायी जाएं। उनका प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाये। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाये। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पूर्ण प्रयास किया जाये कि किसी भी व्यक्ति की कोरोना के कारण मृत्यु न होने पाये।
उप मुख्यमंत्री ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर साफ-सफाई एवं सैनेटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का निर्देश सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को दिया है। उन्होंने चलाये जा रहे ‘‘गन्दगी भारत छोड़ों अभियान’’ के तहत ‘‘गन्दगी प्रयागराज छोड़ों अभियान’’ चलाये जाने का निर्देश दिया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को पारदर्शिता के साथ क्रियान्वित करते हुए पात्र लोगो को लाभान्वित कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पायें। राशन वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राशन वितरण कार्यक्रम के तहत सभी पात्रों को मानक के अनुसार अनिवार्य रूप से राशन उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में अनियमितता या लापरवाही बरतने वाले लोगो के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाये।
बैठक में सांसद केशरी देवी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक राजमणि कौल, सांसद इलाहाबाद प्रतिनिधि मनु कक्कड़, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।