अहमदाबाद के नवरंगपुर इलाके के एक निजी हॉस्पिटल श्रेय को कोविड 19 के मरीजों के इलाज के लिए चिन्हित किया गया था। जहां करीब 50 मरीजों का इलाज चल रहा था। गुरुवार तड़के श्रेय हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में अचानक आग लग गयी। आग लगते ही वहां भगदड़ मच गया। मरीज इधर उधर जान बचा कर भागने का प्रयास करने लगे। बावजूद इसके इस हादसे में 8 कोरोना मरीजों की जान चली गयी। मरने वालों में 5 पुरुष और तीन महिलाएं हैं। घटना के बाद अस्पताल के वार्ड बॉय और ट्रस्टी को हिरासत में लिया गया है। अस्पताल में हुई घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतक के परिजनों और घायलों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। हालांकि अभी तक घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है। माना जा रहा है यह घटना शार्ट सर्किट के कारण हुई है। जांच के बाद ही मुख्य वजह का पता लग सकेगा।