उत्तर प्रदेश में दीपावली पर खूबसूरत आतिशबाजी और पटाखे बजाने का सपना देखने वालों को इसबार बड़ा झटका लग सकता है। इसके पीछे मुख्य वजह देश के कई शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने बढ़ते वायु प्रदूषण के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय और यूपी सहित देश के चार राज्यों को नोटिस जारी किया है।
नोटिस के माध्यम से NGT ने 7 से 30 नवंबर तक पटाखों पर प्रतिबंध लगाने को कहा है। साथ ही NGT ने वरिष्ठ अधिवक्ता राज पंजवानी और शिवानी घोष को संबंधित मामले में सरकारों और पाॅल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की मदद के लिए न्याय मित्र के तौर पर नियुक्त किया है।
NGT के अनुसार सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए यह बेहर जरूरी है। NGT अध्यक्ष न्यायमूर्ति एके गोयल ने इस संबंध में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ ही उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सरकार से जवाब तलब किया है।
राजस्थान में पटाखों पर लगा प्रतिबंध
NGT का फरमान जारी होने के बाद राजस्थान सरकार ने राज्य में पटाखों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान सरकार ने 31 दिसम्बर तक राज्य में पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।
आपको बता दें कि दिल्ली-NCR के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के कई शहरों में Air Quality index लगातार खराब हो रही है।