पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह का रविवार को निधन हो गया। वह 82 साल के थे। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जसवंत सिंह पिछले छह साल से कोमा में थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में जसवंत सिंह ने 1996 से 2004 के बीच रक्षा, विदेश और वित्त जैसे मंत्रालयों का जिम्मा संभाला था।
आपको बता दें कि 2014 में बीजेपी ने सिंह को बाड़मेर से लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया था। नाराज जसवंत ने पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उसी साल उन्हें सिर में गंभीर चोटें आई थी और तब से वह कोमा में थे।
जसवंत सिंह वही केंद्रीय मंत्री हैं जो भारत और पाकिस्तान को सिजेरियन प्रसव से हुई जुड़वा सन्तान मानते थे। पूर्व रक्षा मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।