महेंद्र धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, लिखा “आज 7 बजकर 29 मिनट पर मुझे रिटायर्ड माना जाए,” धोनी के नाम है ये रिकार्ड, रैना का भी संन्यास
आज 15 अगस्त के दिन 74वें स्वतंत्रता दिवस पर क्रिकेट जगत के दो दिग्गज खिलाड़ियों ने संन्यास का ऐलान कर दिया। पहले महेंद्र सिंह धोनी ने फिर सुरेश रैना ने संन्यास का ऐलान किया।
इसमें सबसे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विकेट कीपर महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्ट्राग्राम पर पोस्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया।
साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया और कैप्शन लिखा “आपके प्यार और पूरे समर्थन के लिए बहुत बहुत धन्यवाद। आज 7 बजकर 29 मिनट पर मुझे रिटायर्ड माना जाए।”
एमएस धोनी द्वारा पोस्ट वीडियो 4 मिनट 7 सेकेंड का है। वीडियो में उनके क्रिकेट के गुजरे पल दिखाई दे रहे हैं। उसके बैकग्राउंड में “मै पल दो पल का शायर हूं, पल दो पर मेरी कहानी है, पल दो पल मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी जवानी है” गाना बज रहा है।
इंस्ट्राग्राम पर जिसने भी ये पोस्ट देखी, उन्हें बड़ा झटका लगा। पलभर में ये खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। हालांकि धोनी प्रशंसकों के लिए एक राहत की खबर भी है कि वो आईपीएल खेलते रहेंगे।
आपको बता दें कि 39 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके थे। वहीं अब वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया।
धोनी के नाम है तीन ट्राफी उठाने का रिकार्ड
महेंद्र सिंह धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज किया था। धोनी अब तक कुल 90 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इसके अलावा 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।
महेंद्र सिंह धोनी विश्व के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीन बड़ी ट्राॅफी उठाने का रिकार्ड अपने नाम किया है। इसमें धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्डकप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी जीती थी।