उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला उत्पीड़न, बलात्कार सहित अन्य घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अब हर थाने के महिला सीक्रेट रूम बनाने का निर्देश जारी किया है। यह सीक्रेट रूम सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रदेश के सभी 1535 थानों पर महिला हेल्प डेस्क की वर्चुअल शुरुआत की। आपको बता दें कि इस सीक्रेट रूम में पीड़िता अपने साथ हुई वारदात को खुल कर बिना संकोच महिला पुलिस से कह सकेगी।
महिला हेल्प डेस्क या सीक्रेट रूम में उन सभी नंबरों को (1090, 181, 112, 1076, 1098, 102) लिखा जाएगा जो महिलाओं को जरूरत पड़ने पर मददगार साबित हो। इन हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके कोई भी महिला अपनी शिकायत या मदद की गुहार लगा सकती है।
इसके अलावा इसका दुरुपयोग करने वालों के लिए चेतावनी भी अनिवार्य रूप से अंकित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को संस्कार का रूप देना होगा। मिशन शक्ति कार्यक्रम को स्कूल, कॉलेज सहित अन्य संस्थानों तक प्रचारित करना होगा। साथ ही स्कूल में सुबह होने वाली प्रार्थना में और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।